शनिवार, 22 मार्च 2014

झारखण्ड : लोकसभा-2014 के लिए पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं कई नये चेहरे / JHARKHAND : MANY NEW FACESES IN LOKSABHA ELECTION-2014



-आजसू से सबसे ज्यादा नये प्रत्याशी
शीतांशु कुमार सहाय
लोकसभा चुनाव में झारखण्ड से कुछ नये चेहरे भी किस्मत आजमा रहे हैं। हालाँकि कुछ चेहरे विधानसभा में प्रतिनिधितत्व कर चुके हैं तो कुछ पहली बार ताल ठोंकते नजर आ रहे हैं। ऐसे नेता अब प्रदेश की राजनीति से निकलकर दिल्ली की सीट लपकने को बेचैन हैं। राज्य की 14 लोकसभा सीटों में से कई पर पार्टियों ने नये चेहरे उतारे हैं। उम्मीदवार पूर्व आइएएस, आइपीएस हांे या पार्टी कार्यकर्त्ता, जो भले ही पहली बार संसदीय चुनाव में एण्ट्री ले रहे हैं लेकिन वह अपने क्षेत्र के दिग्गज माने जाते हैं।
प्रत्याशियों की घोषणा के इस दौर में भाजपा ने झारखंड के पूर्व डीजीपी बीडी राम को पलामू से प्रत्याशी बनाया है। हजारीबाग से यशवंत सिन्हा के पुत्र जयन्त सिन्हा को मैदान में उतारा है।
यों काँग्रेस, झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) चुनावी गठबंधन ने क्रमशः नौ-चार-एक सीटों से प्रत्याशी उतारे हैं। इनमें काँग्रेस ने अजय दूबे को धनबाद से लोकसभा सीट से पहली बार उतारा है जबकि खूँटी से कालीचरण मुण्डा प्रत्याशी बनाये गये हैं। झामुमो ने विधायक जगन्नाथ महतो को गिरिडीह और काँग्रेस ने आये विजय हांसदा को राजमहल से टिकट दिया है। टेल्को के पूर्व अधिकारी निरूप मोहन्ती को जमशेदपुर से पहली बार मौका दिया गया है।
इसी तरह झारखण्ड विकास मोर्चा (झाविमो) ने पूर्व आइपीएस अमिताभ चौधरी को राँची से, नीलम देवी को चतरा से और कोडरमा से प्रणव वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। तीनों पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो भी पहली बार गिरिडीह लोकसभा सीट से मैदान में है। झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चाईबासा से व एनोस एक्का खूँटी से पहली बार निर्दलीय लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ने वाल प्रत्याशियों की सबसे ज्यादा संख्या ऑल झारखण्ड स्टूडेण्ट्स यूनियन (आजसू) में है। आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो पहली बार राँची सीट से लोकसभा के लिए किस्मत आजमा रहे हैं। सुदेश झारखण्ड के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में पार्टी के विधायक भी हैं। आजूस ने सुदेश के अलावा पूर्व आइपीएस सुबोध प्रसाद को गोड्डा सीट से, यूसी मेहता को गिरिडीह से, लोकनाथ महतो को हजारीबाग से पहली बार चुनाव मैदान में उतारा है।

कोई टिप्पणी नहीं: